Thursday, August 13, 2020

फोल्डेबल स्क्रीन वाले सरफेस डुओ के साथ लौट रही माइक्रोसॉफ्ट, सैमसंग फोल्ड से होगा सीधा मुकाबला; हार्डवेयर से फीचर्स तक जानिए कितना पावरफुल है ये फोन? August 12, 2020 at 10:03PM

लंबे इंतजार के बाद, आखिरकार वो लम्हा आने वाला है जिसका इंतजार पिछले कई महीनों से हो रहा है। जी हां, हम बात कर रहे हैं माइक्रोसॉफ्ट के पहले डुअल फोल्डेबल स्क्रीन वाले स्मार्टफोन सरफेस डुओ की। कंपनी इसे 10 सितंबर को लॉन्च करेगी। इस फोन की कीमत 1 लाख रुपए से भी ज्यादा होगी। यानी ये दुनिया के महंगे स्मार्टफोन की लिस्ट में शामिल रहेगा। कंपनी स्मार्टफोन सेगमेंट में 4 साल के बाद वापसी कर रही है।

माइक्रोसॉफ्ट ने इस स्मार्टफोन को बीते साल अक्टूबर में अपनी हार्डवेयर कॉन्फ्रेंस के दौरान पेश किया था। इस इवेंट में कंपनी ने डुअल स्क्रीन वाले टैबलेट नियो, सरफेस लैपटॉप 3, सरफेस प्रो 7 और सरफेस प्रो एक्स को भी पेश किया था। ये सभी डिवाइस की स्क्रीन को 360 डिग्री तक घुमाया जा सकता है।

माइक्रोसॉफ्ट सरफेस डुओ की कीमत और उपलब्धता
कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट में बताया कि सरफेस डुओ की शुरुआती कीमत 1,399 डॉलर (लगभग 1,04,700 रुपए) होगी। कंपनी इसकी बिक्री सबसे पहले यूएस में करेगी। कंपनी ने अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर इसकी प्री-बुकिंग भी शुरू कर दी है। इसे माइक्रोसॉफ्ट के ऑनलाइन स्टोर पर 128GB या 256GB स्टोरेज को सिलेक्ट करके बुक किया जा सकता है।

वैरिएंट कीमत
128GB 1399.99 डॉलर (करीब 1,04,700 रुपए)
256GB 1499.99 डॉलर (करीब 1,12,200 रुपए)

माइक्रोसॉफ्ट सरफेस डुओ का हार्डवेयर स्पेसिफिकेशन

  • इस डुअल स्क्रीन स्मार्टफोन में दो 5.6-इंच की OLED स्क्रीन मिलेंगी। जिसका डिस्प्ले रेजोल्यूशन 1,350x1,800 पिक्सल होगा। दोनों स्क्रीन को अनफोल्ड करने के बाद ये 8.1-इंच के टैबलेट में कन्वर्ट हो जाता है। तब इसका डिस्प्ले रेजोल्यूशन 2,700x1,800 पिक्सल हो जाता है। स्क्रीन को 360 डिग्री तक घुमाया जा सकेगा।
  • इस स्मार्टफोन में सिर्फ एक 11 मेगापिक्सल कैमरा लेंस मिलेगा, जो फ्रंट और रियर दोनों का काम करेगा। इसका अपरचर f/2.0 होगा। इससे फोटो और वीडियो कैप्चर तो होंगे ही, वीडियो कॉलिंग के दौरान भी इसका इस्तेमाल होगा। कैमरा के दूसरे फीचर्स जैसे बोकेह इफेक्ट, ऑप्टिकल जूम, ब्लर इफेक्ट काम करेंगे या नहीं, इस पर सस्पेंस है।
  • ऐसा माना जा रहा है कि इसमें ऑक्टा-कोर क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर और 6GB रैम मिल सकती है। हालांकि, कंपनी ये कन्फर्म कर चुकी है कि इसे 128GB और 256GB के दो स्टोरेज वैरिएंट में लॉन्च किया जाएगा। इसमें 3,577mAh कैपेसिटी वाली दो बैटरी मिलेंगी। इसमें 18W का चार्जर मिलेगा।
  • सरफेस डुओ 5G नेटवर्क को सपोर्ट नहीं करेगा। इसमें 4G LTE कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके साथ, इसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ, यूएसबी टाइप-सी जैसे कनेक्टिविटी ऑप्शन बी मिलेंगे। कंपनी इसके साथ हेंडलाइटिंग और ड्रॉइंग के लिए स्टाइलस पेन भी दे सकती है।

माइक्रोसॉफ्ट सरफेस डुओ के फीचर्स

एक साथ दो ऐप्स पर काम: सरफेस डुओ में दो स्क्रीन दी हैं। ऐसे में दोनों स्क्रीन पर अलग-अलग दो ऐप्स को एक साथ एक्सेस किया जा सकेगा। जैसे पहली स्क्रीन पर वॉट्सऐप और दूसरे पर फेसबुक एक साथ चला पाएंगे। ठीक इसी तरह, किन्ही भी दो ऐप्स पर एक साथ काम कर पाएंगे।

एक स्क्रीन पर टाइप, दूसरी पर व्यू: इस स्मार्टफोन की कॉम्पैक्ट लैपटॉप की तरह इस्तेमाल कर पाएंगे। यानी जब किसी डॉक्युमेंट की एडिटिंग करते हैं तब एक स्क्रीन पर कीबोर्ड आ जाएगा और दूसरी पर टाइप किया गया कंटेंट दिखाई देगा। इस तरह से आपका टाइपिंग वाला काम बेहद आसान हो जाएगा।

ड्रैग एंड ड्रॉप एक्रॉस स्क्रीन: ये बेहद कमाल का फीचर है। इसमें आप एक पर किसी डॉक्युमेंट के टैक्स्ट को सिलेक्ट करके दूसरी स्क्रीन पर माइक्रोसॉफ्ट के ऐप्स पर ड्रैग कर पाएंगे। यानी बार-बार आपको दो ऐप्स के बीच में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टू डू लिस्ट तैयार करने में ये फीचर काम आएगा।

डुअल स्क्रीन व्यू: फोन की फोटो-वीडियो गैलरी जब कोई फोटो सिलेक्ट किया जाएगा, तो उसका व्यू दूसरी स्क्रीन पर देख पाएंगे। इतना ही नहीं, फोन को वर्टिकल करने पर गैलरी डुअल स्क्रीन में ट्रांसफर हो जाएगी।

सरफेस डुओ का किससे होगा मुकाबला

माइक्रोसॉफ्ट ऐसे समय में अपना डुअल स्क्रीन स्मार्टफोन लॉन्च कर रही है, जब सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड, सैमसंग गैलेक्सी जेड फ्लिप, LG G8X, हुवावे मेट एक्स मौजूद हैं। दूसरी तरफ, आईफोन के टॉप मॉडल जैसे आईफोन 11 प्रो मैक्स की कीमत 1.40 लाख रुपए तक है। हालांकि, सरफेस डुओ के मॉडल और स्टाइल को देखते हुए ये आईफोन के साथ दूसरे प्रीमियम स्मार्टफोन की मार्केट खराब कर सकता है।

स्मार्टफोन कीमत
सैमसंग फोल्ड 1.74 लाख रुपए
सैमसंग जेड फ्लिप 1.69 लाख रुपए
हुवावे मेट एक्स 3.60 लाख रुपए (फिलीपींस)
एलजी G8X 54,990 रुपए
आईफोन 11 प्रो मैक्स 1.40 लाख रुपए

2016 के बाद स्मार्टफोन सेगमेंट में वापसी

माइक्रोसॉफ्ट ने स्मार्टफोन सेगमेंट में एंट्री नवंबर 2014 को की थी। उसने सबसे पहले स्मार्टफोन लुमिया 535 लॉन्च किया था। ये स्मार्टफोन विंडोज ऑपरेटिंग सिस्टम के साथ आता था। इसके बाद कंपनी ने 11 लुमिया स्मार्टफोन लॉन्च किए। उसका आखिरी स्मार्टफोन लुमिया 650 था, जिसे कंपनी ने फरवरी 2016 में लॉन्च किया था। एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम माइक्रोसॉफ्ट के विंडोज पर भारी पड़ गया, जिसके चलते लुमिया फोन मार्केट से खत्म हो गए।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Microsoft Surface Duo Price Announced, Launching on September 10

फोर्ड फ्रीस्टाइल फ्लेयर एडिशन 7.69 लाख रुपए शुरुआती कीमत के साथ लॉन्च; सैटेलाइट नेविगेशन और ऑटोमैटिक हेडलैंप-वाइपर जैसे फीचर्स मिलेंगे August 12, 2020 at 08:57PM

फेस्टिव सीजन को देखते हुए फोर्ड ने फ्रीस्टाइल सीरीज का विस्तार कर दिया है। कंपनी ने सीरीज में नया टॉप-ऑफ-द-लाइन वैरिएंट फ्रीस्टाइल फ्लेयर जोड़ा है। नई फ्रीस्टाइल फ्लेयर के पेट्रोल वैरिएंट की कीमत 7,69,000 रुपए जबकि डीजल वैरिएंट 8,79,000 रुपए का है। फ्रीस्टाइल फ्लेयर तीन कलर - व्हाइट गोल्ड, डायमंड व्हाइट एवं स्मोक ग्रे में उपलब्ध है।

विनय रैना, एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर, मार्केटिंग, सेल्स एवं सर्विस, फोर्ड इंडिया ने कहा, फोर्ड फ्रीस्टाइल अपने शानदार डिज़ाइन, वैल्यू-फॉर-मनी क्रेडेंशियल्स एवं बेहतरीन फन-टू-ड्राइव क्षमताओं के चलते एक बेंचमार्क कॉम्पैक्ट यूटिलिटी वाहन (UV) बन गया है। ट्रेंडी नई फ्रीस्टाइल फ्लेयर में इन खूबियों को और बेहतर बनाया गया है तथा यूटिलिटी वाहन प्रेमियों द्वारा आगामी फेस्टिव सीजन में खरीदे जाने के लिए यह एक बहुत ही उत्तम वाहन है।

मिलेगी स्पोर्टी रेड एवं ब्लैक थीम
नई फ्रीस्टाइल फ्लेयर में एक्सटीरियर व इंटीरियर में स्पोर्टी रेड एवं ब्लैक थीम है, जो फोर्ड को नया लुक देती है। नए टॉप-ऑफ-द-लाइन वैरिएंट के दरवाजे खास डिज़ाइन के प्रत्यक्ष फ्लेयर बैज के साथ और ज्यादा खूबसूरत लग रहे हैं, जो चारों ओर से ब्लैक एवं रेड ग्राफिक्स से घिरा है।
एग्रेसिव ब्लैक एवं रेड थीम एक्सटीरियर की पूरी सतह पर मौजूद है, जैसे रेड रूफ रेल्स के साथ ब्लैक पेंटेड रूफ, ब्लैक एवं रेड ओआरवीएम (ORVMs), ऑल न्यू ब्लैक अलॉय एवं ब्लैक स्किड प्लेट तथा फ्रंट बंपर पर स्मार्ट रेड-पेंटेड इनसेट के साथ आता है।
इंटीरियर में ऑल-न्यू ब्लैक एवं ग्रे अपहोलस्ट्री है, जो आकर्षक होने के साथ केबिन के ज्यादा विशाल होने का अहसास देती है। ब्लैक डोर हैंडल पर रेड एक्सेंट हैं। सीटों पर भी फ्लेयर बैज़ मोजूद है।

100 पीएस तक का पावर मिलेगा

  • पॉवर ऑफ च्वाइस प्रदान करते हुए फ्रीस्टाइल फ्लेयर भारत स्टेज 6 का अनुपालन करने वाले पेट्रोल एवं डीज़ल इंजनों के साथ मिलेगी, जो अपने सेगमेंट में क्षमता के मामले में सर्वश्रेष्ठ हैं।
  • फ्रीस्टाइल का स्मॉल, लाइट एवं फ्यूल एफिशियंट थ्री-सिलेंडर 1.2 लीटर TiVCT पेट्रोल इंजन है, जो 96 पीएस की पीक पॉवर, 120 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है, जबकि फोर्ड का मशहूर 1.5 लीटर TDCi इंजन, 100 पीएस का पीक पॉवर और 215 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। दोनों इंजन फाइव-स्पीड मैन्युअल ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध होंगे।

7 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा

  • फ्रीस्टाइल फ्लेयर 7-इंच टचस्क्रीन बेस्ड इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ आएगी, जिसमें सैटेलाइट नेविगेशन, ऑटोमैटिक हेडलैंप, ऑटोमैटिक वाइपर, रिवर्स पार्किंग कैमरा, रिमोट सेंट्रल लॉकिंग और ऑटोमैटिक एयरकंडीशनर जैसे फीचर्स मिलेंगे।
  • कनेक्टिविटी के लिए फ्रीस्टाइल फ्लेयर फोर्ड का विश्वप्रसिद्ध मोबिलिटी सॉल्यूशन फोर्डपास (FordPass) प्रस्तुत करता है। यह वन-स्टॉप स्मार्टफोन ऐप है, जो बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के ऑनरशिप की विविध जरूरतों को पूरा करता है।
  • फैक्ट्री-फिटेड क्लाउड-कनेक्टेड डिवाइस के साथ ग्राहक वाहन के अनेक संचालनों, जैसे वाहन की हेल्थ की जांच, बचा हुआ फ्यूल एवं टैंक खाली होने तक चली जाने वाली दूरी को फोर्डपास ऐप (FordPass) द्वारा रियल टाइम में जान सकेंगे।

फ्री मिलेगा जियो सावन का एक साल का सब्सक्रिप्शन
फोर्ड भारत के सबसे बड़े म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म, JioSaavn के साथ अपनी तरह की पहली पार्टनरशिप प्रस्तुत कर रहा है। फरवरी, 2021 तक फोर्ड फ्रीस्टाइल का कोई भी वैरिएंट बुक करने वाले सभी ग्राहकों को जियो सावन पर एड-फ्री म्यूजिक का एक साल का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन मिलेगा। यह म्यूजिक स्ट्रीमिंग ऐप एक्सक्लूसिव फ्रीस्टाइल प्ले लिस्ट भी होस्ट करेगा।

डेडिकेटेड पोर्टल से कर सकेंगे बुकिंग
ग्राहकों के स्वास्थ्य व सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कंपनी नए वाहन की बुकिंग डेडिकेटेड ऑनलाइन पोर्टल www.booking.india.ford.com के माध्यम से कर रही है। नया बुकिंग पोर्टल कंपनी द्वारा हाल ही में घोषित डायल-ए-फोर्ड अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत ग्राहक टोल-फ्री नंबर 1800-419-3000 पर कॉल करके अपनी फोर्ड कार के लिए अनेक सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फरवरी 2021 तक फोर्ड फ्रीस्टाइल का कोई भी वैरिएंट बुक करने वाले सभी ग्राहकों को जियो सावन पर एड-फ्री म्यूज़िक का एक साल का प्रीमियम सब्सक्रिप्शन मिलेगा

Wednesday, August 12, 2020

अब आप अपने ट्वीट पर खुद तय कर सकेंगे, कौन उस कर सकेगा रिप्लाई और कौन नहीं; जानिए इस फीचर को यूज कैसे करना है August 12, 2020 at 05:05AM

माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर (Twitter) ट्विटर ने वैश्विक स्तर पर एक नया फीचर जारी किया है। ये फीचर उन लोगों के लिए बेहद फ़ायदेमंद साबित होगा जो ट्विटर पर ऑनलाइन बुलींग की वजह परेशान रहते हैं। इस फीचर की मदद से यूजर के खुद अपने अकाउंट को कंट्रोल कर सकेंगे। यानि अब यूजर तय करेगा कि कौन उनके ट्वीट्स का जवाब दे सकता है और उनकी बातचीत में शामिल हो सकता है।

बातचीत की यह सेटिंग्स सभी लोगों के लिए है

कंपनी ने कहा है कि ये फीचर कन्वर्सेशन में लोगों को ज़्यादा कंट्रोल देने के लिए लाया जा रहा है। ट्विटर द्वारा जारी रिलीज में बताया गया है कि ये नई सेवा iOS,एंड्रायड और twitter.com पर ट्विटर का इस्तेमाल करने वाले सभी लोगों के लिए उपलब्ध हैं। कंपनी ने कुछ सिंपल स्टेप्स बताए हैं, जिनकी मदद से आप ट्विटर को समझ सकते हैं कि इसे कैसे इस्तेमाल करना है। आइए जानते हैं नया फीचर कैसे काम करेगा-

कैसे चुनें आपके ट्वीट का जवाब कौन दे सकता है?

  • twitter.com, iOS या एंड्रायड के लिए twitter.com या ट्विटर से, कम्पोज ट्वीट बटन पर टैप करें
  • यह चुनने के लिए कि कौन आपके ट्वीट का उत्तर दे सकता है, globe आइकॉन बटन पर टैप करें:

यह चुनने के लिए कि नीचे लिखें तीनों में से कौन आपके ट्वीट का उत्तर दे सकता है, globe आइकॉन बटन पर टैप करें:

  • सभी लोग
  • वे जिन्हें आप फॉलो करते हैं
  • केवल वे लोग जिनको आप मेंशन करते हैं

एक बार अपनी सेटिंग को पूरा करने के बाद, अपना ट्वीट लिखें और पोस्ट करने के लिए ट्वीट पर क्लिक या टैप करें

नोट: जो लोग आपके ट्वीट का उत्तर नहीं दे सकते हैं, वे अभी भी आपके ट्वीट्स को देख, रीट्वीट और शेयर कर सकते हैं. इसके अलावा, एक बार जब आप एक ट्वीट पब्लिश कर देते हैं, तो आप उस विशेष ट्वीट की रिप्लाई सेटिंग्स को नहीं बदल सकते हैं।

कैसे चुनें: आप किसे जवाब दे सकते हैं-

कंपोज स्क्रीन से, आप उन बातचीत में लोगों को देख सकते हैं, जिन्हें आप जवाब देंगे. Replying to… पर क्लिक करें, जिससे एक एडिटिंग स्क्रीन आएगी, जिसमें उन लोगों की लिस्ट होगी जो बातचीत का हिस्सा बन सकते हैं। बातचीत में शामिल 50 लोगों तक के नाम दिखाई देंगे।

  • लोगों को कन्वर्सेशन में जोड़ना : एडिटिंग स्क्रीन को बंद करने के लिए नीचे स्वाइप करें, और उनके यूजरनेम अपने ट्वीट में लिखें।
  • लोगों को कन्वर्सेशन से निकालना : लोगों को बातचीत की लिस्ट में से निकालने के लिए, चेक मार्क आइकान पर क्लिक या टैप करें। एक बार, जब किसी को अन सलेक्ट कर दिया जाता है तो चेक मार्क आइकान का निशान हट जाएगा।
  • ब्लॉक किए गए अकाउंट : जो एकाउंट आपने ब्लॉक कर रखे हैं, वे आपको रेसिपिएंट की लिस्ट में दिखेंगे, और यह दिखाई होगा कि आपने उन्हें ब्लॉक किया हुआ है। एडिटिंग स्क्रीन से, आप चेक मार्क आइकान पर क्लिक या टैप करके, ब्लॉक किए गए एकाउंट्स को कन्वर्सेशन से निकालने को सिलेक्ट कर सकते हैं।

ट्विटर पर किसी कन्वर्सेशन के पार्टिसिपेट को कैसे देखें-

आप अपनी होम टाइमलाइन, प्रोफाइल पेज, नोटिफिकेशंस या ट्वीट डिटेल में आपके द्वारा किए गए ट्वीट्स की बातचीत के पार्टिसिपेट को देख सकते हैं। पार्टिसिपेट के नाम, बायो और /@usernames देखने के लिए-

  • Replying to…पर टैप या क्लिक करें
  • यहां से आप उन सभी को देख सकते हैं जो इस रिप्लाई में शामिल हैं। आप इस लिस्ट में शामिल लोगों को फॉलो या अन फॉलो भी कर सकते हैं।
  • जैसे आप किसी ट्वीट के लिए कुल लाइक्स और रीट्वीट देख सकते हैं, वैसे ही आप रिप्लाई काउंट से यह भी देख सकते हैं कि कितने लोग कन्वर्सेशन में भाग ले रहे हैं। आपको reply icon (रिप्लाई आइकन) के पास एक नंबर दिखाई देगा, जो बताती है कि मूल ट्वीट को कितने डायरेक्ट रिप्लाई मिले हैं।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
ये फीचर उन लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा जो ट्विटर पर ऑनलाइन बुलिंग की वजह परेशान रहते हैं।

बारिश में है ट्रैवलिंग का प्लान, तो आपके बहुत काम आएगी ये मानसून एक्सेसरीज; कीमत 2000 रुपए से भी कम August 12, 2020 at 02:22AM

बारिश के मौसम में आप ट्रैवलिंग का प्लान बना रहे हैं, तब आपको कुछ ऐसे गैजेट्स साथ रखना चाहिए जो इस मौसम में आपकी मुश्किलों को आसान बना दें। इन गैजेट्स की खास बात है कि ना तो ये महंगे है, और ना हीं इन्हें साथ लेकर चलने में कोई परेशानी होती है।

इन गैजेट्स को आप ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मार्केट से खरीद सकते हैं। ये घर में थोड़ा सा स्पेस लेते हैं। तो चलिए जल्दी से देख लेते हैं कि गैजेट्स कौन से हैं और कैसे काम करत हैं...

1. वाटरप्रूफ ट्रैवल बैग


बारिश के मौसम में ट्रैवलिंग के दौरान सबसे जरूरी आइटम वाटरप्रूफ बैग है। अच्छी क्वालिटी वाले वाटरप्रूफ बैग की कीमत करीब 1500 रुपए से शुरू हो जाती है। इनमें 45 से 50 लीटर तक सामान कैरी किया जा सकता है। इन बैग्स में अलग-अलग यूजेस के लिए पॉकेट होती है। बैग में पैराशूट कपड़े का इस्तेमाल किया जाता है। तेज बारिश के दौरान भी इनके अंदर रखा हुआ सामान पूरी तरह सुरक्षित रहता है।

2. वाटरप्रूफ स्मार्टफोन केस


इस मौसम में आपके पास वाटरप्रूफ स्मार्टफोन केस होना चाहिए। बाजार में ये हार्ड केस और सॉफ्ट केस के साथ उपलब्ध हैं। इन कवर्स की खास बात होती है कि ये फोन के साथ कम्फर्टेबल होते हैं। इन कवर्स में फोन को रखकर बारिश के साथ स्विमिंग पूल में भी जा सकते हैं। इन्हें इस तरह से डिजाइन किया गया है कि फोन के किसी भी पार्ट में पानी ने जाए। इनकी कीमत 200 से 1000 रुपए तक होती है।

3. वाटरप्रूफ स्पीकर


ट्रैवलिंग के दौरान आपको म्यूजिक पसंद है तब इसके लिए स्पीकर का होना तो बनता है, लेकिन ये वाटरप्रूफ होना चाहिए। यूं तो मार्केट में हजारों रुपए वाले वाटरप्रूफ स्पीकर मौजूद हैं, लेकिन हम यहां आपको बोट, टोरेटो जैसी कंपनियों के स्पीकर सजेस्ट करेंगे। इन इंडियंस कंपनी के स्पीकर लो बजट के साथ पूरी तरह वाटरप्रूफ हैं। यानी आप ऐसा पोर्टेबल स्पीकर 1000 से 2000 रुपए के बीच में खरीद सकते हैं। सिंगल चार्ज पर इन्हें 5 से 6 घंटे तक इस्तेमाल कर सकते हैं।

4. वाटरप्रूफ एलईडी टॉर्च अंब्रेला


इस छाते की खासियत इसमें दी गई LED लाइट और टॉर्च होती है। सभी लाइट को कंट्रोल करने के लिए ऑन/ऑफ बटन दिए हैं। छाते में दी गई लाइट बैटरी से ऑपरेट होती है। इन लाइट्स को बारिश के दौरान इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें 3 AAA बैटरी का इस्तेमाल होता है। रात के समय बारिश में इस छाते की एलईडी लाइट्स ऑन करने से ये सामने वाले को भी अलर्ट करता है। वहीं, लाइट की वजह से छाता काफी अट्रेक्टिव नजर आता है। इसकी कीमत करीब 1599 रुपए है।

5. वाटरप्रूफ पीवीसी टोट बैग


यदि आप अपने साथ छोटा-छोटा सामान कैरी करते हैं तब आपके पास एक पीवीसी टोट बैग का होना भी जरूरी है। ये बैग ट्रांसपेरेंट पॉलीथिन के होते हैं, लेकिन इनकी क्वालिटी काफी बेहतर होती है। बैग इतने मजबूत होते हैं कि इसमें पानी की बोतल के साथ सन ग्लासेस, फोन, पर्स, बुक्स या दूसरा छोटा सामान रख सकते हैं। महिलाएं तो अपना पूरी पर्स ही इसमें रख सकती हैं। इन बैग की कीमत 600 रुपए से शुरू हो जाती है।

6. वाटरप्रूफ हेट अंब्रेला


आपने खेल के मैदान पर धूप से बचने के लिए लोगों को हैट अंब्रेला लगाए हुए कई बार देखा होगा। हालांकि, रेन हैट अंब्रेला उनसे काफी अलग है। इसका डिजाइन सर्दी से बचने वाली मंकी कैप की तरह है। जिसे सिर में फंसा लिया जाता है। वहीं, कंधे से ऊपर ये छाते की तरह खुल जाता है। इस तरह के छाते से कमर से ऊपर वाले हिस्से को भीगने से बचाया जा सकता है, लेकिन पूरी तरह से भीगने से नहीं बच पाएंगे। इनकी कीमत 400 रुपए से शुरू हो जाती है।

7. वाटरप्रूफ टू-व्हीलर कवर


बारिश में भी बाइक और स्कूटर की ड्राइविंग आसान रहे इसके लिए खास रेन कवर बनाए गए हैं। इन्हें सनरूफ कवर के नाम से भी जाना जाता है। ये पूरी तरह वाटरप्रूफ होते हैं। इनमें पैर वाले हिस्से को पानी से बचाना मुश्किल होता है, लेकिन सिर के ऊपर पानी की एक बूंद भी नहीं गिरती। इनमें आगे और पीछे की तरफ ट्रांसपेरेंट पॉलीथिन होती है, वहीं ऊपर पैराशूट कपड़ा की रूफ होती है। ये गाड़ी को सामने से सीट तक कवर कर लेता है। जिससे बारिश का पानी अंदर नहीं जाता। इनकी कीमत 900 रुपए से शुरू हो जाती है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Top 7 You Must Have Accessories for Monsoon
Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...